मक्के के कड़प (चारे) के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी 150 पेटी अवैध बीयर, ब्रेजा कार से हो रही थी पायलेटिंग
खरगोन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: करही थाना पुलिस ने कतरगांव नहर मार्ग पर की नाकाबंदी, इंदौर का आरोपी दबोचा, दूसरा फरार
खरगोन/करही।
अवैध शराब और नशे के सौदागरों के खिलाफ खरगोन पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस थाना करही ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर ग्राम कतरगांव बड़ी नहर मार्ग पर मक्के के कड़प (सूखे चारे) के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही 150 पेटी (1800 लीटर) अवैध विदेशी बीयर जब्त की है। पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के ऊपर चारा भर रखा था, जबकि आगे एक सफेद रंग की ब्रेजा कार से रेकी (पायलेटिंग) की जा रही थी। पुलिस ने मौके से शराब सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार को जब्त किया है, जिसकी कुल कीमत 22,43,600 रुपये आंकी गई है।
नाकाबंदी देख कार छोड़कर भागा मुख्य आरोपी
पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन (ग्रामीण) श्री अनुराग एवं डीआईजी निमाड़ रेंज खरगोन श्री सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देशन में एसपी श्री रविन्द्र वर्मा और एएसपी श्रीमती शकुन्तला रुहल द्वारा अवैध शराब के परिवहन पर अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में एसडीओपी बड़वाह श्रीमती अर्चना रावत के मार्गदर्शन में करही थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र इंगले को मुखबिर से सूचना मिली कि बड़वाह की ओर से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली (क्रमांक MP53ZA9498) में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर नहर मार्ग से मंडलेश्वर की तरफ ले जाई जा रही है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने कतरगांव नहर मार्ग पर नाकाबंदी की। थोड़ी देर में सामने से ट्रैक्टर-ट्रॉली और ब्रेजा कार आते दिखाई दी। पुलिस को देख ब्रेजा कार का चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकला, जबकि पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रैक्टर चालक को दबोच लिया।
चारे के नीचे का सच देख पुलिस भी रह गई दंग
पकड़े गए चालक ने अपना नाम राजू पिता बालाराम कुशवाह (26) निवासी ग्राम रिंजलाय, गांधी नगर (इंदौर) बताया। जब पुलिस टीम ने ट्रैक्टर की ट्रॉली को चेक किया तो ऊपर मक्के की कड़प भरी हुई थी, लेकिन जैसे ही चारे को हटाया गया, नीचे अवैध बीयर की पेटियां कतार से जमी हुई थीं। पुलिस ने जब शराब परिवहन के दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका।
इंदौर का है आरोपी, साथी की तलाश: आरोपी राजू ने पूछताछ में फरार ब्रेजा कार चालक का नाम गोलू चंदेल बताया है। पुलिस ने थाना करही पर अपराध क्रमांक 140/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जब्तशुदा सामग्री पर एक नजर:
- अवैध विदेशी शराब: 150 पेटी (103 पेटी माउंट बीयर, 44 पेटी बोल्ट सुपर स्ट्रॉन्ग, 03 पेटी हंटर स्ट्रॉन्ग) — कीमत लगभग ₹5,43,600/-
- परिवहन में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली: — कीमत लगभग ₹7,00,000/-
- पायलेटिंग में प्रयुक्त ब्रेजा कार: — कीमत लगभग ₹10,00,000/-
- कुल जब्त मशरुका: — ₹22,43,600/-
इस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में थाना प्रभारी करही निरीक्षक श्री राजेंद्र इंगले, सउनि कैलाश पाटीदार, प्रधान आरक्षक जगन्नाथ पांडे, रकम सिंह चौहान, कैलाश अनारे, आरक्षक मुकेश डुडवे, पायलट गोविंद गोड व साइबर सेल से आरक्षक अभिलाष डोंगरे एवं मगन अलावा का विशेष और सराहनीय योगदान रहा।