मेनगांव थाने में मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न, सौहार्दपूर्वक त्योहार मनाने की अपील
दैनिक सच की जय हो
जिला ब्यरो
सतीश गांगले
मेनगांव (खरगोन)। आगामी मोहर्रम पर्व को शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से आज थाना परिसर मेनगांव में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों और विभिन्न कमेटियों के सदर ने हिस्सा लिया।
बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित खरगोन एसडीओपी (SDOP) महोदय और मेनगांव थाना प्रभारी ने उपस्थित नागरिकों से संवाद किया। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों की गौरवशाली परंपरा को बनाए रखते हुए इसे पूरी संवेदनशीलता और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। पुलिस प्रशासन सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है।
अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश
बैठक के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, जुलूस के मार्गों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। इसके साथ ही बीट प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और शांति व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अन्य थानों का पुलिस बल, क्षेत्र के बीट प्रभारी सहित बड़ी संख्या में थाना क्षेत्र के प्रमुख गणमान्य नागरिक और सदर उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन को त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।