खरगोन पुलिस का “SAFE CLICK – 2.0” अभियान: स्कूल और धार्मिक स्थलों पर दी साइबर सुरक्षा की सीख
खरगोन। वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशन में ‘SAFE CLICK 2.0’ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री रविन्द्र वर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री बिट्टू सहगल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुन्तला रुहल के मार्गदर्शन में शुक्रवार को अभियान के 10वें दिन जिले भर में वृहद स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसके तहत पुलिस टीमों ने स्थानीय स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों व शिक्षकों को तथा विभिन्न धार्मिक स्थलों पर आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इन साइबर फ्रॉड के प्रति किया गया सचेत
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने वर्तमान में चल रहे विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों के तौर-तरीकों की विस्तृत जानकारी दी, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- डिजिटल अरेस्ट: किसी को फर्जी तरीके से डराकर बंधक बनाने का झांसा देना।
- फर्जी इन्वेस्टमेंट ऐप्स: कम समय में पैसे दोगुने करने का लालच।
- व्हाट्सएप हैकिंग: संदिग्ध एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करवाकर अकाउंट हैक करना।
- अन्य फ्रॉड: फर्जी कैशबैक, रिफंड ऑफर, फेक कॉल, जॉब स्कैम, मैट्रिमोनियल धोखाधड़ी और बैंकिंग व पेंशन संबंधी फ्रॉड।
दिलाई गई शपथ, बांटे पेम्पलेट्स
कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित लोगों को इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, QR कोड स्कैन करने और ऑनलाइन लेन-देन के समय बरती जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया गया। साथ ही साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाकर जागरूकता पेम्पलेट्स भी वितरित किए गए।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का भी लिया जा रहा सहयोग
अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए खरगोन पुलिस स्थानीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की मदद से रील्स और वीडियो तैयार करवा रही है, जिन्हें विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किया जा रहा है ताकि संदेश जन-जन तक पहुंच सके।
ठगी होने पर तुरंत यहाँ करें शिकायत
पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें और मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें। यदि किसी के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी होती है, तो वे:
- तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
- अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस की अपील: खरगोन पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के लिए हमेशा सतर्क रहें और स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार व समाज को भी जागरूक करें।